एटा। ग्राम पंचायतों से निकलने वाले कचरे और प्लास्टिक का निस्तारण करने के लिए मैनेजमेंट प्लांट बारथर में लगाया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही मशीनें भी लग चुकी हैं। लेकिन विद्युत कनेक्शन न होने से संचालन नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर अधिशासी अभियंता को तलब कर कनेक्शन देने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम पंचायत बारथर के प्लास्टिक मैनेजमेंट प्लांट का सफल ट्रायल जनरेटर से किया गया। विद्युत कनेक्शन के लिए करीब 6 माह पहले आवेदन किया गया था, इसको विद्युत विभाग के अधिकारियों की ओर से गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके चलते आज तक कनेक्शन नहीं हो सका और नहीं प्लांट चल पा रहा है। ग्राम पंचायत से निकलने वाले प्लास्टिक कचरा से दाना तैयार किया जाएगा और इसके बाद सड़क बनाई जाएगी। इससे ग्राम पंचायत की आय भी बढ़ेगी। लेकिन अब तक नियमित संचालन नहीं होने से मशीनों में जंग लग रही है।
इस मामले को लेकर मंगलवार को अधिशासी अभियंता विद्युत शहरी क्षेत्र को सीडीओ ने तलब कर कनेक्शन देने के निर्देश जारी किए। सीडीओ डाॅ. अवधेश कुमार बाजपेयी ने बताया कि प्लास्टिक मैनेजमेंट प्लांट को कनेक्शन नहीं देना गंभीर मामला है। इसको लेकर विद्युत अधिकारी को बुलाकर कनेक्शन देने की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।