एटा। आदेश के बाद भी परीक्षा केंद्रों पर न पहुंचने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को बीएसए ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही अविलंब परीक्षा ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए हैं। इनमें शीतलपुर ब्लॉक के ही 22 शिक्षक शामिल हैं।
बीएसए के आदेश पर भी परिषदीय शिक्षक परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे। ऐसे में व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट भी और शिक्षक भेजने की मांग कर रहे हैं। जिले के 53 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है।
भारतीय इंटर कॉलेज न्यौराई के प्रधानाचार्य डॉ. आरबी मिश्र ने 16 परिषदीय शिक्षकों में से केवल आठ के ही ज्वाइन करने की शिकायत की है। इनका आरोप है कि अन्य स्कूलों से नियुक्त किए गए चार शिक्षक भी नहीं पहुंचे। ऐसे में कक्ष निरीक्षण में परेशानी आ रही है। प्रिंटिस गर्ल्स इंटर कॉलेज में 15 शिक्षक-शिक्षिकाओं में से चार ने ज्वाइन नहीं किया। आरएलसीएस इंका के केंद्र व्यवस्थापक के अनुसार आठ शिक्षकों ने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है।
दो दिन बाद भी नहीं पहुंचे स्टेटिक
किसान इंटर कॉलेज धिरामई पर तैनात किए गए स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने दूसरे दिन भी कार्यभार ग्रहण नहीं किया। केंद्र व्यवस्थापक ने डीआईओएस को पत्र लिखकर अविलंब नए स्टेटिक की तैनाती की मांग की है।