भतीजे के साथ मंगलवार शाम चार बजे दवा लेने आ रहे पूर्व प्रधान एवरन सिंह
(50) को बोलेरो सवार आरोपियों ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। बाद में एवरन
सिंह की पिटाई कर मुंह में गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से भाग गए।
जानकारी पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां
चिकित्सकों ने एवरन को मृत घोषित कर दिया। मौके पर एसएसपी, एएसपी, सीओ, सदर
विधायक पहुंच गए। घटना का कारण प्रधानी रंजिश बताया जा रहा है।
थाना सकीट के गांव नंदपुर वेलामई निवासी एवरन सिंह मंगलवार शाम भतीजे
शिवनंदन के साथ एटा दवा लेने आ रहे थे। करीब चार बजे गांव सऊआपुर के पास
पहुंचे बोलेरो सवार आरोपियों ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। दोनों ही
घायल हो गए। आरोपियों ने एवरन सिंह को पीटा, बाद में मुंह में गोली मारकर
हत्या कर दी, जबकि शिवनंदन के पैर में फ्रेक्चर हुआ है। घटना की जानकारी
लगते ही एसएसपी एसके वर्मा, एएसपी विसर्जन सिंह यादव, सीओ सकीट आशाराम
अहिरवार, सदर विधायक आशीष यादव आशू पहुंच गए। जिला अस्पताल में घायल ने
बताया कि गांव के ही दिनेश उर्फ गुड्डू ने अपने छह अन्य साथियों के साथ
मिलकर हत्या की है। ग्रामीणों ने बताया कि एवरन सिंह और आरोपी दिनेश की
प्रधानी रंजिश चली आ रही है। मृतक पूर्व प्रधान भी रह चुका है वहीं वर्तमान
में आरोपी की मां सियादेवी प्रधान है। इस मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज
नहीं हुई है।
रंजिश के चलते एवरन सिंह की हत्या की गई है। आरोपियों
की तलाश में चार टीमें गठित की गई हैं। जो आरोपियों की तलाश में दबिश दे
रही हैं।
-एसके वर्मा, एसएसपी