एटा। जिले में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की ओर से 16 अप्रैल से सम सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं 21 मई तक संचालित की जाएंगी। नकल विहीन परीक्षा के लिए कॉलेज में तैयारियां की जा रही है।
जिले के 53 परीक्षा केंद्र पर बृहस्पतिवार से स्नातक की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होने वाली है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा आयोजित की जाएगी। जनता पीजी कॉलेज परसोंन के प्राचार्य डॉ. लेफ्टिनेंट नरेंद्र यादव ने बताया कि 16 अप्रैल से स्नातक की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित होंगी। पहली पाली सुबह 8ः30 बजे से 10ः30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से 2 बजे और तीसरी पाली 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
परीक्षाएं 21 मई तक चलेंगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के साथ ही महाविद्यालय प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, कक्ष व्यवस्थाएं, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों के सील पैकेट खोलते समय वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी और उसकी सीडी विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।