नोएडा में लगे ट्रेड शो में चिकोरी के स्टॉल पर जानकारी करते लोग। स्रोत विभाग
एटा। उत्तर प्रदेश सरकार के फ्लैगशिप आयोजन उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 नोएडा में शुक्रवार से शुरू हुआ है। इसमें एटा के पीतल उत्पाद, चिकोरी और महिला उद्यमिता ने अपनी पहचान बनाई है। 25 से 29 सितंबर तक आईईएमएल, ग्रेटर नोएडा में आयोजित ट्रेड शो का उद्देश्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, विनिर्माण और उद्यमिता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है।
ट्रेड शो में एटा से ओडीओपी के तहत मैसर्स बालाजी ट्रेडिंग कंपनी, जलेसर के बाल गोविंद बंसल तथा जलेसर के जीआई टैग उत्पादों के प्रदर्शन के लिए मैसर्स आर्ट मेटल वेयर के मोहम्मद नईम अंसारी ने प्रतिभाग किया। उनकी स्टॉल पर प्रदर्शित पीतल के घुंघरू, घंटी, घंटा समेत अन्य उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
वहीं ओडीओपी व्यंजन के रूप में एटा की चिकोरी का प्रतिनिधित्व मैसर्स चिकोरी एंटरप्राइजेज के जितेंद्र कुमार मित्तल ने किया। महिला उद्यमिता के क्षेत्र में अलीगंज की मैसर्स गंगासहाय शाक्य मिनी फ्लोर मिल की संगीता मौर्य ने सहभागिता की है। पहले दिन ही अंतरराष्ट्रीय खरीदारों ने एटा के पीतल उत्पादों में रुचि दिखाई और उत्पादों की जानकारी ली। चिकोरी के नवीन उत्पाद को लेकर भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उद्यमियों ने जानकारी प्राप्त की।