उत्तर प्रदेश के एटा जिले में देवर ने भाभी और भतीजे को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। मां-बेटे को गंभीर घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर में देवर ने भाभी और भतीजे को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। घायल महिला और उसके बेटे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले में पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
थाना पिलुआ के गांव धर्मपुर निवासी कमल सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह भतीजा सुखवीर घर के सामने ही ट्रैक्टर वाली आटा चक्की के पत्थर की खुटाई कर रहा था। उसी समय चाचा अमर सिंह अपने बेटे के साथ आकर खड़े हो गए। किसी बात को लेकर गालियां देते हुए विवाद करने लगे। विरोध करने पर अमर सिंह घर के अंदर से तमंचा निकालकर लाया और सुखवीर के ऊपर फायर कर दिया। जिसके चलते एक गोली सुखवीर के कंधे के नीचे व दूसरी कोहनी के पास लगी।
आवाज सुनकर आसपास के लोग और सुखवीर की मां गीता देवी बचाने पहुंची तो अमर सिंह ने उसके पेट में भी एक गोली मार दी। जानकारी मिलते ही थाना पिलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया। यहां से चिकित्सकों ने सुखवीर का प्राथमिक उपचार करने के बाद आगरा रेफर कर दिया। वहीं गीता देवी का मेडिकल कॉलेज में ही इलाज चल रहा है।मेडिकल कॉलेज में सीओ सदर संजय कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। जानकारी जुटाने के बाद सीओ घटनास्थल गांव धर्मपुर चले गए।