एटा। शहर में अपराधी बेलगाम नजर आ रहे हैं। दुस्साहस दिखाते हुए भाजपा सांसद के महाविद्यालय को ही निशाना बना दिया। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत शिकोहाबाद रोड स्थित उन्नाव सांसद सच्चिदानंद साक्षी महाराज के महाविद्यालय से दो जेनरेटर के डाइनमो खोलकर ले गए। मामले की जानकारी प्राचार्य को मिली तो उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शिकोहाबाद रोड स्थित वीरांगना अवंतीबाई (पीजी) महिला महाविद्यालय में सोमवार की रात चोर किसी तरह घुस आए। परिसर में रखे 32 केवीए के दो जेनरेटर के डाइनमो खोलकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे प्राचार्य डॉ. हरिविलास सिंह महाविद्यालय में पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने इस मामले की जानकारी फोन पर सांसद साक्षी महाराज को दी। इसके बाद कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया।
प्राचार्य ने बताया कि बुधवार को पुलिस इस मामले में पूछताछ के लिए आई थी, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। कोतवाली नगर प्रभारी डॉ. सुधीर सिंह राघव ने बताया कि चोरी की घटना हुई है। जिसकी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को पकड़ा जाएगा।