एटा। गांव सुल्तानपुर निवासी कलावती ने खकरई निवासी अपने चचेरे-तहेरे भाइयों समेत 3 लोगों के खिलाफ अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि इन लोगों ने भाई से मिलने नहीं दिया। भाई की मौत की फोन पर सूचना मिली तो पहुंचने से पहले ही अंत्येष्टि कर दी।
थाना मारहरा में गांव सुल्तानपुर निवासी कलावती ने तहेरे भाई जसवंत, भाभी गायत्री देवी और चचेरे भाई देवेंद्र उर्फ सेठिया निवासी खकरई के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखा है कि 17 अप्रैल को इन लोगों ने भाई रामदीन से नहीं मिलने दिया। गालियां दीं और तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। 19 अप्रैल को भाई की मौत हो गई। सूचना मिलने पर गांव में पहुंची तो पता चला कि लोगों ने पहले ही अंत्येष्टि कर दी है।
कलावती ने कहा कि आरोपियों ने भाई की जमीन पर कब्जा कर लिया है। विरोध किया तो पीटा और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों के व्यवहार को देखकर लग रहा है कि इन लोगों ने भाई रामदीन की हत्या की है।
मारहरा थाना प्रभारी केके लोधी ने बताया कि रामदीन दिव्यांग थे। अपने भाई तहेरे व चचेरे भाइयों के पास रहते थे। इसी वजह से अपनी भूमि इनके ही नाम कर गए। बीमारी के चलते मौत हो गई तो बहन उस जमीन को लेने के लिए आरोप लगा रही है। सीओ सदर संजय कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।