शहर के बस स्टैंड पर खड़ी रोडवेज की बसें। संवाद
एटा। इस बार होली पर्व पर एटा डिपो की बंपर कमाई हुई है। इस बार रोडवेज ने एक करोड़ 89 लाख रुपये की कमाई की है। जहां अन्य डिपो की प्रति बस कमाई घटी है, वहीं एटा डिपो की प्रति बस कमाई 45 रुपये प्रति बस बढ़ी है। पर्व पर टारगेट पूरा करने वाले चालक परिचालकों को डिपो की ओर से प्रोत्साहन देने की तैयारी हहै।
होली पर्व पर रोडवेज के परिक्षेत्र कार्यालय अलीगढ़ द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष एटा रोडवेज की प्रति बस इनकम 15166 रुपये थी, वहीं इस बार प्रति बस इनकम 15211 रुपये हुई है। वहीं, स्थानीय डिपो की कुल कमाई लगभग एक करोड़ 89 लाख रुपये की हुई है। डिपो के अधिकारियों के अनुसार इस बार होली पर दिल्ली, आगरा, बरेली आदि प्रमुख मार्गों पर डिपो की कुल 178 बसें दौड़ी थीं, जबकि गत वर्ष 180 बसें दौड़ी थीं।
डिपाे के एआरएम नरेश कुमार गुप्ता ने बताया है कि विभागीय कर्मचारियों की मेहनत की बजह से इस बार हमारे डिपो की प्रति बस कमाई गत वर्ष की तुलना में 45 रुपये बढ़ी है, वहीं, अलीगढ़, बुद्वविहार, हाथरस, कासगंज, अतरौली की कमाई प्रति बस घटी है। उन्होंने बताया कि डिपो द्वारा निर्धारित दूरी तय करने वाले चालक परिचालकों को जल्द ही एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।