एटा। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 2 फरवरी से शुरू होंगी। इस बार इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा की कॉपियों को एक साल तक सुरक्षित रखा जाएगा। इन्हें मांगने पर उपलब्ध कराया जाएगा। बोर्ड के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य को निर्देश जारी किए। जिले में 2 फरवरी से इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू होंगी। इसके लिए करीब 203 केंद्र प्रस्तावित हैं। करीब 52 हजार परीक्षार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा से पहले ही 2 फरवरी को प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएगी। प्रयोगात्मक परीक्षा में बोर्ड ने इस बार व्यवस्था को और अधिक सख्त किया है। पहली बार प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष, प्रयोगशाला और मूल्यांकन स्थल की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी। इसके अलावा परीक्षार्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्र वितरण, मूल्यांकन प्रक्रिया और अंक अपलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाएं बोर्ड की ओर से भेज दी गई है। उनकी गणना कराई जा रही है। गणना के बाद इस माह के अंत तक उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण का काम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं, उपस्थिति पत्रक और अन्य संबंधित दस्तावेजों को कम से कम एक वर्ष तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि किसी भी छात्र की ओर से अंक या परीक्षा प्रक्रिया को लेकर शिकायत दर्ज कराई जाती है तो इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर जांच की जाएगी।