संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। मारहरा के गांव अखतौली की चकबंदी योजना में सामने आई अनियमितताओं पर डीएम अरविंद सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने तत्कालीन सहायक चकबंदी अधिकारी रवींद्र कुमार के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन चकबंदी आयुक्त उत्तर प्रदेश लखनऊ को भेजा है।
जांच में सामने आया कि प्रारंभिक चकबंदी योजना के प्रकाशन के बाद अधिनियम और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। मुख्य मार्ग से जुड़ी महत्वपूर्ण भूमि का आवंटन नियमों के विपरीत किया गया, जबकि उपजाऊ चकों के आवंटन में भी पारदर्शिता नहीं बरती गई। इससे ग्रामीणों में असंतोष फैल गया और चकबंदी प्रक्रिया का विरोध शुरू हो गया।
प्रशासनिक जांच के दौरान संबंधित अधिकारी पर निजी स्वार्थ साधने और कुछ प्रभावशाली लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप भी सामने आए। अनियमितताओं के कारण 112 चकों से संबंधित आपत्तियां दर्ज हुईं जबकि धारा-23 के तहत कई वाद करीब तीन वर्षों से लंबित हैं। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी व नियम सम्मत चकबंदी प्रक्रिया सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।