अलीगंज सीएचसी में मरीजों का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
अलीगंज। उमस भरी भीषण गर्मी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होने के बाद से अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 311 मरीजों ने पंजीकरण कराकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
अस्पताल की क्षमता के अनुरूप मरीजों की बेहिसाब संख्या बढ़ने से व्यवस्थाएं गड़बड़ा रही हैं। चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं उपलब्ध कराईं और बीमारी से बचाव के उपाय भी बताए। तेज धूप के बाद बारिश और फिर धूप निकलने से मौसम में उमस बढ़ गई है। अधिकांश लोग वायरल बुखार, निर्जलीकरण, खांसी-जुकाम, सर्दी-गर्मी और एलर्जी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि पसीने से तरबतर लोगों के नहाने से सर्दी-गर्मी और वायरल बुखार की समस्या हो रही है।
नेत्र विशेषज्ञ विवेक वशिष्ठ ने जानकारी दी कि उमस, गर्मी और धूल के कारण आंखों के मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन 50 से 60 मरीज आंखों में खुजली, लालिमा, जलन और पानी आने की शिकायत लेकर अस्पताल आ रहे हैं। बारिश के मौसम में संक्रमण फैलने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए घर के अंदर और बाहर साफ-सफाई बनाए रखना महत्वपूर्ण है।