एटा। शहर के शिकोहाबाद रोड स्थित एक क्लीनिक पर इलाज के दौरान पीआरडी जवान की मौत हो गई। परिजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। जाम लगाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने परिजन को समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया और शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला धनी निवासी पीआरडी जवान राजेश कुमार (45) की क्लीनिक पर मौत हुई है। भाई राकेश कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 6 बजे भाई स्वयं साइकिल से दवा लेने के लिए शिकोहाबाद रोड स्थित क्लीनिक पर गए थे। यहां पर बिना जांच के ही खून चढ़ा दिया गया। इसकी वजह से भाई की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान ही करीब 3 घंटे बाद मौत हो गई। इसके बाद संचालक क्लीनिक छोड़कर भाग गया। जानकारी होने पर हम लोग पहुुंचे तो भाई का शव रखा मिला।
बताया कि राजेश कुमार वर्तमान में अधिशासी अभियंता प्रथम विद्युत निगम के आवास पर तैनात थे। यहां से नाइट ड्यूटी करने के बाद सीधे इलाज कराने के लिए चले गए थे और फोन करके भी बताया था। कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि एक क्लीनिक पर पीआरडी जवान के इलाज में लापरवाही बरतने और मौत होने का आरोप परिजनों की ओर से लगाया गया है। हंगामा हाेने की सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को शांत किया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।