एटा। कोतवाली देहात में कमेटी के करीब 1.40 लाख रुपये हड़पने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। किस्त के रूप में कमेटी से ली गई रकम जमा न करने पर रुपये मांगे गए तो दृष्टि बाधित दिव्यांग को आरोपियों ने गालीगलौज कर धमकी दी। रुपये देने से इनकार कर दिया। गांव नगला केवल निवासी दिव्यांग लालराम ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि 20 सदस्यों की कमेटी संचालित की जा रही है। कमेटी सदस्य भूपेंद्र को एक लाख 10 हजार और सतीश को एक लाख 30 हजार रुपये दे दिए गए। लेकिन रकम लेने के बाद दोनों लोगों ने ही किस्त के माध्यम से पूरी धनराशि जमा नहीं की और किस्त देना बंद कर दिया। सतीश पर कमेटी की रकम 46456 और भूपेंद्र पर 91773 रुपये बकाया थी। कई बार कहने के बाद भी कमेटी की धनराशि को जमा नहीं किया गया तो 21 मई को दोनों लोगों से रकम मांगी। जो 1.40 लाख के करीब थी। तब दोनों ने गालीगलौज कर रकम देने से इनकार कर दिया और भविष्य में रुपये मांगने पर हत्या करने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दृष्टिहीन दिव्यांग का आरोप है कि कमेटी की रकम नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कराई जा रही है।