एटा। जिले के 15 पीएमश्री स्कूलों को कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की अलग पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनके आईडी कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए शासन ने प्रति आईडी कार्ड 50 रुपये की दर से बजट जारी किया है।
जिले में कुल 1691 परिषदीय स्कूल संचालित हैं, जिनमें से 15 स्कूलों को पीएमश्री योजना के तहत चुना गया है। इन चयनित विद्यालयों में लगभग 3 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। सरकार पीएमश्री स्कूलों में डिजिटल और स्मार्ट क्लासरूम, ई-लर्निंग मॉड्यूल, आईसीटी लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, खेल मैदान और आधुनिक खेल सामग्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
शासन के निर्देशानुसार, कक्षा आठ तक के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों के आईडी कार्ड बनाए जाएंगे। इन कार्डों पर संबंधित व्यक्ति की पहचान से जुड़ी आवश्यक जानकारी दर्ज होगी। शिक्षकों के कार्ड में उनकी मानव संपदा पहचान संख्या, नाम, पदनाम, विद्यालय, विकासखंड, जिले का नाम, वर्तमान पता, मोबाइल नंबर और ब्लड ग्रुप जैसी जानकारी शामिल होगी।
आईडी कार्ड पर बीएसए के हस्ताक्षर, विद्यालय की मुहर, पीएमश्री और बेसिक शिक्षा विभाग के लोगो भी होंगे। विद्यार्थियों के कार्ड में उनका नाम, विद्यालय, कक्षा, विकासखंड, जिला, प्रवेशांक, आधार आईडी, जन्मतिथि, ब्लड ग्रुप, माता-पिता व अभिभावक का नाम, पूरा पता, अभिभावक का मोबाइल नंबर, फोटो और प्रधानाध्यापक के हस्ताक्षर दर्ज किए जाएंगे।
स्कूल अवधि के दौरान आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य होगा। बिना आईडी कार्ड के विद्यार्थियों को विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बीएसए अनुपम अवस्थी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार विद्यार्थियों और शिक्षकों के आईडी कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।