एटा। भारत की जनगणना-2027 के तहत जिले में मकान सूचीकरण और गणना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, जिले के 99.44 फीसदी हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में सर्वेक्षण कार्य संचालित है। शेष 18 ब्लॉकों में भी जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश जारी किए हैं।
रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में कुल 3190 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्धारित हैं। इनमें से 3172 ब्लॉकों में कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो कुल लक्ष्य का 99.44 फीसदी है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, 3037 ब्लॉकों में सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है। वहीं, 135 ब्लॉकों का कार्य पूरी तरह संपन्न कर लिया गया है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में अभी कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है, वहां सर्वेक्षण शुरू कराया जाए। उन्होंने जनगणना को देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक बताया।
नगर पालिका परिषद जलेसर, नगर पंचायत अवागढ़, मिरहची, सकीट, जैथरा, निधौलीकलां, मारहरा और अलीगंज में 100 फीसदी लक्ष्य के सापेक्ष कार्य प्रारंभ हो चुका है। नगर पालिका परिषद एटा में 246 में से 245 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में कार्य संचालित है। यहां 99.59 फीसदी प्रगति दर्ज की गई है। तहसील एटा में 1384 में से 1378, अलीगंज में 742 में से 737 और जलेसर में 502 में से 497 ब्लॉकों में कार्य चल रहा है। नगर पंचायत राजा का रामपुर में भी 95.24 फीसदी प्रगति दर्ज की गई है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों से पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा किया जाए। इससे जनगणना-2027 के लिए सटीक व विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध कराए जा सकेंगे। जनगणना देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।