एटा। जैथरा की कांशीराम कॉलोनी में छात्रा ने शुक्रवार की शाम फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कस्बा जैथरा स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी लाखन सिंह आलू व्यापारी है। उनकी बेटी सुमन (19) कक्षा 11 की छात्रा थी। लाखन सिंह शुक्रवार को दुकान पर बैठे थे। इस दौरान उनका बेटा डब्बू दोपहर के समय नहाने के लिए घर जाने की बात कहकर निकला था। वह कुछ देर बाद भागता हुआ वापस लौटा और घबराते हुए बोला कि दीदी ने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। यह सुनते ही लाखन सिंह व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। छात्रा को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव का शनिवार की दोपहर पोस्टमार्टम कराया। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला जान देने का ही लग रहा है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा। मामले में तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।