जीटी रोड पर शरीर को ढंक कर गुजरते राहगीर।
- फोटो : ETAH
एटा। शुक्रवार को मौसम साफ होने पर धूप निकलने के बाद भी शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे। 13 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चली। पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इस हालात में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। लोग दिनभर ठिठुरते रहे।
शनिवार को सुबह से बादल छाए हुए थे। शीतलहर भी चल रही थी। लोग दोपहर तक बादल हटने और धूप निकलने का इंतजार करते रहे। सूर्यदेव दिखाई नहीं दिए। इससे लोग दोपहिया वाहनों पर गर्म कपड़ों से ढके गुजरते नजर आए। कोहरा न होने से वाहन चालकों ने राहत महसूस की।
शनिवार को अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 18 डिग्री व न्यूनतम तापमान पांच डिग्री की गिरावट के साथ 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के साथ लोग घरों में अलाव तापते रहे। रात आठ बजे ही बाजारों, सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।