एटा। मोहल्ला सुनहरी नगर स्थित पार्क के पास मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे मोबाइल ट्रांसफॉर्मर की ट्रॉली में करंट उतरने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के वक्त मृतक आरुष अपने छोटे भाई रियांश को ट्यूशन छोड़ने जा रहा था।
मूलरूप से जैथरा थाना क्षेत्र के गांव सिराऊ निवासी राजीव यादव कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला राधा विहार में परिवार सहित रहते हैं। वह पार्सल डिलीवरी का काम करते हैं। उनके दोनों बेटे पास के एक स्कूल में पढ़ते थे। मंगलवार शाम बड़ा बेटा आरुष छोटे भाई को ट्यूशन ले जा रहा था। रास्ते में मोबाइल ट्रांसफॉर्मर की ट्रॉली खड़ी थी, जिसके पास बारिश के बाद सड़क पर खड़े पानी में करंट उतर आया था। आरुष का पैर पानी में पड़ गया और वह करंट की चपेट में आ गया।
उसकी चीखें सुनकर बचाव के लिए लोग दौड़े, छोटा भाई रियांश भी उसे बचाने के लिए बढ़ा लेकिन लोगों ने उसे समय रहते रोक लिया। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद लोगों ने आरुष को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला निवासी गौरव गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने ट्रांसफॉर्मर-ट्रॉली के आसपास सुरक्षा इंतजाम नहीं होने और पानी में करंट उतरने के लिए विद्युत विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।