एटा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए इस बार नियमों को सख्त कर दिया है। बोर्ड के निर्देश पर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले स्टाफ में 50 फीसदी शिक्षक बाहरी विद्यालयों से होंगे, जबकि शेष 50 प्रतिशत आंतरिक स्टाफ रहेगा।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। कुल 92 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लगभग एक लाख 56 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 29653 और इंटरमीडिएट के 26593 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्रों पर तैयारियां पहले से ही दुरुस्त की जा रही है। डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि करीब 5500 कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी परीक्षा में लगाई जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग के 3000 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 2500 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। संवाद