एटा। मुख्यमंत्री कार्यालय से सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से हुई समीक्षा में एटा पूरे प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में शामिल हुआ है। जनवरी 2024 की रैंकिंग में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। अलीगढ़ मंडल में प्रथम स्थान पर रहा है।
इससे पहले नवंबर 2023 की समीक्षा में भी जिले को तीसरी रैंक मिली थी। लेकिन दिसंबर की समीक्षा में जिला 14वें स्थान पर फिसल गया। इसे लेकर पिछड़ने वाले विभागों की समीक्षा कर सुधार लाने के निर्देश दिए गए। सुधार देखने को मिला और एक महीने में ही स्थिति फिर बेहतर हुई है। डीएम प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि सीडीओ सहित अन्य अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक विकास कार्यक्रमों की वीडियो कांफ्रेंसिंग की जाती है। जिसमें डीडीओ, डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम, डीपीआरओ, बीएसए, डीसी डीआईसी सहित सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत, पंचायत सचिव आदि शामिल होते हैं।
इसके अलावा शाम 6 बजे पोषाहार वितरण, टीकाकरण एवं 7 बजे से निर्वाचन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सभी ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर आदि के साथ, 7ः30 बजे से राजस्व विभाग से जुड़े पैमाइश प्रकरण, कोर्ट केस, पीएम किसान सम्मान निधि, ई-खसरा पड़ताल सर्वे कार्य, प्रमाण पत्रों का निस्तारण, खसरा, खतौनी सहित आदि के संबंध में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल आदि के साथ एडीएम प्रशासन, एडीएम वित्त एवं राजस्व द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग की जाती है। चार प्रकार से हो रही प्रतिदिन समीक्षा के अच्छे परिणाम मिले हैं।