एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला बलू में सिरफिरे प्रेमी ने किशोरी और उसके पिता की हत्या बेलचा प्रहार से कर दी थी। जबकि किशोरी की मांग फूलश्री गंभीर रूप से घायल है। जिसका इलाज आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
आरोपी युवक को उसी दिन गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जबकि परिजन अन्य लोगों के भी शामिल होने का आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में पुलिस फूलश्री के बयान दर्ज करने का इंतजार कर रही है। वहीं मृतक के पुत्र का कहना है कि दादी भी इशारों में पांच व्यक्ति बता रही हैं।
मृतक के बेटे धर्मेंद्र ने बताया कि पुलिस हमारे परिवार की मदद कर रही है लेकिन हत्याकांड के बाद पुलिस ने थोड़ी जल्दबाजी दिखाई। उसकी पत्नी को थाने लेकर गई थी। एक अन्य व्यक्ति द्वारा तहरीर लिखी गई। पत्नी ने उस दिन भागकर जान बचाई थी और काफी घबराई हुई थी। अगर हम भी घर पर होते तो आरोपी हमको भी मार देते। पुलिस का कहना है तुम्हारी मां से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी तो मां फूलश्री का इलाज आगरा में चल रहा है। वहीं हत्याकांड के तीसरे दिन भी गांव में पुलिस तैनात रही। जसरथपुर थानाध्यक्ष कृष्णकांत लोधी ने बताया कि मृतक की पुत्रवधू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी के बयान होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।