एटा। राजकीय आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) में अभी तक सभी सीटों पर प्रवेश नहीं हो सके हैं। चार चरणों में की जा रही प्रक्रिया के तहत तीन चरणों में 82 सीटें खाली बची हैं। इनके लिए चौथे चरण में 11 अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र में सत्र 2025 के तृतीय चरण की चयन प्रक्रिया 7 अगस्त को पूरी की गई। इसके बाद भी आईटीआई में 82 सीटें खाली रह गईं। रिक्त सीटों के सापेक्ष फिर से आवेदनकर्ताओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। आवेदन मांगने का यह अंतिम चरण है। इसके बाद आवेदन नहीं मांगे जाएंगे। प्रधानाचार्य दीपक कुमार यादव ने बताया कि आईटीआई में कुल 630 सीटें हैं। पहले, दूसरे और तीसरे चरण में आवेदन सीटों के सापेक्ष पूरे आए थे लेकिन 82 अभ्यर्थियों ने दाखिला नहीं लिया। इससे सीटें खाली रह गई हैं। वहीं चौथे चरण में फिर से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। 11 से 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
इस प्रकार करें आवेदन
- वेबसाइट http://www.scvtup.in पर चौथे चरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- वेबसाइट के लिंक चौथे चरण के लिए नवीन अभ्यर्थी द्वारा आवेदन पर क्लिक कर फार्म भरना होगा।
- प्रोसीड फॉर पेमेंट के लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन भुगतान करना होगा। ऑनलाइन भुगतान डेबिट कार्ड व क्रेडिट कार्ड, इन्टरनेट बैंकिंग, यूपीआई के माध्यम से किया जा सकता है।
- आवेदन शुल्क का भुगतान होने पर फार्म का प्रिंट आउट ले सकेंगे।