एटा। न्यायालय के रीडर के घर में मंगलवार की सुबह सात बजे कुछ लोग घुस आए। उन्होंने रीडर के भाई की पिटाई कर दी। वहीं उनकी पत्नी पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया। गनीमत रही कि फायर मिस हो गया। पीड़ित ने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
न्यायालय के रीडर अज्ञान विजय ने बताया कि उनका मकान रामलीला मैदान के सामने है। मकान के बाहर सरकारी जमीन पर एक व्यक्ति ने दुकान का अवैध निर्माण कर लिया है। मां सुशीला देवी द्वारा दुकान के निर्माण को लेकर कोर्ट में एक वाद दायर किया गया था। कोर्ट से दुकान को लेकर फैसला आ चुका है। इसकी बौखलाहट में आरोपी द्वारा चार दिन से लगातार परेशान किया जा रहा है। यहां तक कि घर में ईंट-पत्थर भी फेंके गए। जिसकी रिपोर्ट रविवार को कोतवाली नगर में दर्ज कराई थी।
इससे आरोपी और ज्यादा बौखला गए। मंगलवार की सुबह वह दूध लेने गए थे। इसी दौरान आरोपी प्रवेश निवासी शिकोहाबाद रोड पांच-छह लोगों को लेकर घर में घुस गया। पत्नी ने विरोध किया तो आरोपियों ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। भाई अहंकार विजय की पिटाई की। कोतवाली नगर प्रभारी डॉ. सुधीर राघव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूर्व में भी एक रिपोर्ट आरोपियों के खिलाफ दर्ज हो चुकी है।