एटा। जैथरा थाना क्षेत्र में एक झोलाछाप पर कार्रवाई करने के लिए बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। कार्रवाई से भड़के गांववासियों ने टीम में शामिल डिप्टी सीएमओ सहित कर्मचारियों को पीट डाला।
गांव सिहोरी में अनधिकृत रूप से चिकित्सकीय कार्य करने की शिकायत डीएम से की गई थी। उनके निर्देश पर दो महीने पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची। जहां बिना किसी रजिस्ट्रेशन, डिग्री के यतेंद्र यादव क्लीनिक चलाते मिला। टीम ने इस दुकान को सील कर दिया। दो दिन पहले फिर सूचना दी गई कि यतेंद्र ने दुकान को दोबारा चालू कर लिया है और मरीजों का इलाज कर रहा है। बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार अपने साथ बाबू दीपक कुमार और चालक रंजीत को लेकर गांव में पहुंचे। सील की गई दुकान के बगल में ही दूसरी दुकान में यतेंद्र चिकित्सा कार्य करते मिला। वहां मरीजों की काफी भीड़ थी। टीम जांच-पड़ताल कर नोटिस देने की तैयारी कर रही थी।
तभी अचानक मरीजों के तीमारदार व चिकित्सक के परिचित लोगों ने टीम को घेर लिया। क्लीनिक के अंदर धकेल कर बंद कर शटर डाल दिया। करीब 10 मिनट बाद शटर खोलकर बाहर निकाला और पिटाई करना शुरू कर दिया। तीनों लोगों को काफी पीटा गया। डिप्टी सीएमओ का मोबाइल फोन और दीपक के हाथ से सरकारी कागजात छीन लिए। इसके बाद लोग चले गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। थाना प्रभारी जैथरा शंभूनाथ ने बताया कि कार्रवाई को गांव सिहोरी गई स्वास्थ्य टीम पर हमले की सूचना मिली। जिसके तुरंत बाद पुलिस फोर्स को गांव भेज दिया गया। तहरीर मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।