एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र में गांव बाकलपुर निवासी एक किसान को सांड़ ने पटक दिया। फसल देखने जा रहा किसान इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी कुछ समय में ही मौत हो गई।
गांव बाकलपुर निवासी जयप्रकाश ने बताया कि बड़े भाई राजकुमार (33) बुधवार की शाम फसल देखने खेत की ओर गए थे। वहां फसल में घूम रहे एक सांड़ ने उनको सींगों से उठाकर पटक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान भागकर आए और उनको सांड़ से बचाया। इसके बाद घर पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही हम लोग खेत पर पहुंचे और वहां से भाई को उठाकर मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया।
जयप्रकाश ने बताया कि भाई के 4 बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा दिव्यांग है, एक छोटा है। जबकि दो बेटियां हैं। इनकी मौत के बाद परिवार के सामने जीवन-यापन करने का कोई साधन नहीं है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम कराया है।