एटा। सकीट बीआरसी (ब्लॉक संसाधन केंद्र) पर शुक्रवार को शिक्षा उपनिदेशक व डायट प्राचार्य टीम के साथ पहुंचे। उन्हें बीआरसी पर चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं अभिलेख भी अपूर्ण पाए गए।उप शिक्षा निदेशक व डायट प्राचार्य डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार को सकीट बीआरसी पर पहुंचे। यहां कनिष्ठ लिपिक आनंद प्रताप, कंप्यूटर ऑपरेटर नरेंद्र वर्मा, कार्यालय सहायक अनुरुद्ध सिंह, एमटीएस को-ऑर्डीनेटर ऋषभ शर्मा अनुपस्थित मिले। जबकि डिस्पैच रजिस्टर, कैशबुक, एरियर रजिस्टर अपूर्ण मिले।
उन्होंने बताया कि बीआरसी पर बीईओ और प्रधानाध्यापक की मीटिंग अंकित नहीं थी, लेकिन कैशबुक में बिल बाउचर लगाकर धनराशि निकाली गई थी। निपुण बनाने के लिए वर्तमान सत्र की कार्य योजना कार्यालय पर नहीं मिली। निपुण भारत प्रशिक्षण अध्यापक उपस्थिति रजिस्टर पर पृष्ठांकन नहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर महानिदेशक को पत्र भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डायट प्रवक्ता जगमोहन साथ रहे।