जिला मजिस्ट्रेट जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत के. विजयेन्द्र पाण्डियन ने कहा कि प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों का निर्वाचन व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिये व्यापक व्यवस्थाएं की गईं हैं। निर्वाचन में सात आरओ, पांच आरक्षित आरओ तथा 101 एआरओ तैनात किए गए हैं। सभी आरओ और एआरओ पूरी निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी से कार्य करें।
शारदा जौहरी कन्या महाविद्यालय के सभागार में आरओ और एआरओ के प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आरओ, एआरओ का कार्य बहुत महत्वपूर्ण है। आयोग के नियमों और निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह से समझ लें। टीम भावना से कार्य करें। सभी उम्मीदवारों के मोबाइल नंबर अवश्य अंकित करा लें।
सीडीओ श्रीनिवास मिश्र एवं जिला प्रशिक्षण अधिकारी सीपी सिंह ने नामांकन, निर्वाचन प्रक्रिया तथा आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुये बताया कि चार चरणों में होने वाले चुनाव के प्रथम चरण में ब्लाक सोरों और सहावर मुख्यालय पर 16 और 17 नवंबर को प्रात: आठ बजे से चार बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे। 18 व 19 को प्रात: आठ बजे से उनकी जांच होगी। 20 को प्रात: आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक उम्मीदवारी वापिसी और तीन बजे से प्रतीक आवंटन होगा। 28 को प्रात: सात बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान होगा। प्रशिक्षण में आरओ, एआरओ के रूप में तैनात सभी अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।