एटा। नहर में डूबने की सूचना मिलते ही ईद के दिन की खुशियां मातम में बदल गईं। शहर के मोहल्ला इस्लामनगर, नगला पोता में सन्नाटा पसर गया। खबर मिलते ही परिवारीजन घटनास्थल की ओर निकल गए। जिन घरों में बुधवार से ईद के लिए तैयारियां चल रही थीं, वहां सबके चेहरे लटके और आंखें नम थीं। घरों पर मिलने वाले आ तो रहे थे, लेकिन ईद की मुबारकवाद देने नहीं बल्कि हादसे की जानकारी लेने और संवेदना जताने के लिए पहुंच रहे थे। इसके अलावा एक डूबने वाला युवक बारथर गांव का रहने वाला है।
पिकनिक मनाने गए दोस्तों को क्या पता था कि उनको इस प्रकार की मुसीबत का सामना करना पड़ेगा। जो उनकी जान पर बन आएगी। बचकर लौटा सोहेल जानकारी देते देते हुए रो पड़ा। बताया कि सभी 8 दोस्त सुबह 50 रुपये सवारी पर एक ई-रिक्शा बुक कर नदरई पुल पर पिकनिक मनाने के लिए निकले थे। वहां पहुंचकर वह और उसका एक मित्र अभिषेक मोबाइल से फोटो खींचने लगे। जबकि बाकी 6 साथी नहाने के लिए नहर में उतर गए। वहां आसिफ (21) पहले से मौजूद था। जब जाहिद (17) निवासी इस्लाम नगर, सलमान (17), शाहिद (16) निवासी नगला पोता थाना कोतवाली नगर और अभिषेक (15) व रोहित (17) निवासी बारथर डूबने लगे तो आसिफ उनको बचाने के लिए कूद पड़ा। उसने रोहित को तो बचा लिया मगर दूसरे को बचाने गया तो खुद भी डूब गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो साथ गए सोहेल निवासी नगला पोता ने बनाया है। जिसमें सभी डूबते हुए नजर आ रहे हैं।
पिकनिक मनाने गए 8 युवाओं में से दो बचकर घर लौटे तो वह जानकारी देते हुए रो पड़ते हैं। जिसको देखकर परिजन बाकी सब की सलामती की दुआ कर रहे हैं। इसके अलावा जो युवक नहर में डूबे हैं उनके जो परिजन जो घर पर मौजूद हैं वो बदहवाश हालत में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।