नोटी बंदी के बाद से नकदी संकट से जूझ रहे सहकारी बैंक ने अपने सभी खाते ई-वॉलेट से जोड़ने की तैयारी कर ली है। जल्द ही खाता धारकों को सहकारी बैंक और आईसीआईसीआई का संयुक्त एटीएम कार्ड मिलेगा। इससे सभी बैंक के एटीएम से रुपये निकाले जा सकेंगे। खरीदारी और भुगतान भी किया जा सकता है। पेटीएम से खातों को लिंक करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम से सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सहकारी बैंक के सचिव सलेख चंद्रा ने बताया कि इस संयुक्त कार्ड से किसान किसी भी बैंक के एटीएम पर कैश निकालने के अलावा खाद, बीज की खरीदारी कर पाएंगे। बिल समेत सभी तरह के भुगतान भी इससे किया जा सकेगा। सहकारी बैंक का अपना आईएफएससी कोड नहीं होने के कारण आईसीआईसीआई बैंक से करार किया गया है। बैंक की इस पहल से नोट बंदी के बाद नकदी संकट से जूझ रहे किसानों को राहत मिलेगी। सचिव के मुताबिक दिसंबर माह के अंत तक खाता धारकों और केसीसी लेने वाले किसानों को आईसीआईसीआई और सहकारी बैंक का संयुक्त एटीएम मिलने की उम्मीद है।
----------------------
पेटीएम से ऐसे करना पड़ेगा भुगतान
बैंक खाता पेटीएम से लिंक करने पर खाताधारकों को अपने स्मार्ट फोन पर पेटीएम के एप को डाउनलोड करना होगा। दूसरे के खाते में रुपये भेजने पर उसका मोबाइल नंबर, खाता नंबर और एमाउंट भर कर सेंड करना होगा। सेंड करते ही धनराशि दूसरे के खाते में चली जाएगी। शर्त यह भी है कि जिसे मनी ट्रांसफर की जा रही है, उसके मोबाइल में भी पेटीएम एप डाउनलोड होना चाहिए।