सोमवार की दोपहर ई-रिक्शा में बैठकर बेटी के साथ शादी समारोह में शामिल
होने जा रहीं वृद्धा ओमवती के पर्स से तीन महिलाएं साढ़े तीन लाख रुपये के
आभूषण और नकदी पार कर ले गईं। उन्हें इसकी जानकारी हुई तो वह गश खाकर गिर
पड़ीं। आसपास के लोगों की मदद से आभूषण उड़ाने वाली महिलाओं की तलाश की गई
लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने
टप्पेबाज महिलाओं की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी है।
आगरा के श्री राधे ग्रीन्स निवासी ओमवती सोमवार दोपहर शादी में शामिल
होने के लिए बेटी सीमा के साथ एटा बस स्टैंड पहुंचीं थीं। दोपहर 12 बजे वह
बस स्टैंड से ई-रिक्शा में बैठकर आगरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस जा रही थीं।
बताते हैं कि ई-रिक्शा में उनके साथ तीन महिलाएं भी सवार हो गईं। उन्होंने
ओमवती का ध्यान भटकाने को कई बार उनके पैर पर सैंडल रख दिया। जब उन्होंने
टोका तो अन्य महिलाएं उनसे उलझ गईं।
इसी बीच एक महिला ने बैग से आभूषण और
नकदी पार कर दी। इसकी जानकारी होने पर पीड़िता और उनकी पुत्री ने शोर किया
तो महिलाएं वहां से भाग निकलीं। घटना के बाद ओमवती गश खाकर गिर पड़ीं। किसी
तरह उन्हें आसपास के लोगों ने संभाला। सूचना पर पुलिस भी आ गई। शातिर
महिलाओं की तलाश की गई लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। एसपी ने सभी थानों को
टप्पेबाज महिलाओं को पकड़ने के आदेश दिए हैं। पीड़िता ने बताया कि पर्स
में दो चेन, दो कंगन, झुमकी आदि रखी थीं। कोतवाली थाने में अज्ञात महिलाओं
के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बता दें कि इससे पहले भी ई-रिक्शा में
बैठे लोगों के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
ई-रिक्शा में जेब काटते दबोचा, जमकर की धुनाई
थाना रिजोर के गांव भुमरिया निवासी नारायण सिंह ने बताया वह सोमवार को
कचहरी से बस स्टैंड से ई-रिक्शा में बैठकर जा रहे थे, तभी उनके बगल में
बैठे जेबकतरे ने जेब से 1600 रुपये निकाल लिए। इसके बाद उन्हें आरोपी को
पकड़ लिया। आसपास के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने उसकी धुनाई कर पुलिस को
सौंप दिया। जेबकतरे ने अपना नाम अभय निवासी जलालपुर थाना देहली गेट अलीगढ़
बताया है।