एटा। थाना व कस्बा मारहरा के मोहल्ला हैदरी चौक निवासी ई रिक्शा चालक मोहम्मद शमशाद को 2 जून की सुबह करीब 8 बजे सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने लूट लिया था। वारदात का खुलासा पुलिस ने मंगलवार को करके अंतरजनपदीय गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार करके कर दिया है। गैंग से चोरी के ई रिक्शा व अन्य सामान भी बरामद हुए हैं। एसएसपी उदय शंकर सिंह ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता कर बताया कि ई रिक्शा लूट करने वाले गैंग के विजय कुमार निवासी नगला मान सिंह विजय लॉज श्मशान घाट रोड के पास थाना गांधी पार्क अलीगढ़, चंदन निवासी गांव बादरी थाना अकराबाद अलीगढ़, हृदेश कुमार, कालीचरण उर्फ करन उर्फ फूल सिंह, सतेंद्र और बबलू निवासीगण गांव चिलासनी कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया गया है। जब कि धारा सिंह निवासी बाब कॉलोनी टॉवर के पास थाना गांधी पार्क अलीगढ़, रेशमपाल निवासी बादरी अकराबाद सुनील निवासी गांव कुआ थाना इगलास अलीगढ़ फरार हैं।
एसएसपी ने बताया कि गांव चिलासनी से गैंग का संचालन किया जा रहा है। पहले रैकी की जाती थी, इसके बाद ई रिक्शा में सवार होकर चालक को बेहोश करके लूट लेते थे। बाद में ई रिक्शा का रंग करके बिक्री कर देते थे। अगर पुराना होता है तो उसको काटकर कबाड़ में बेच दिया जाता है। बताया कि इन बदमाशों से 4 चोरी के ई रिक्शा, एक कटा ई रिक्शा, 14 ई रिक्शा की बैटरियां, एक चोरी किया गया मोबाइल और काटने वाले उपकरण बरामद किया गया है।