नगला धनी गांव में मंगलवार सुबह दहेज में पांच लाख रुपये नहीं मिलने पर ससुरालियों ने महिला की गोली मार कर हत्या कर दी। लहूलुहान शव घर के अंदर छोड़कर फरार हो गए। मृतका के पिता ने पति, ससुर, देवर, सास, ननद समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मैनपुरी के कुरावली थाना अंतर्गत चंदोई गांव निवासी जयचंद ने अपनी 22 वर्षीय बेटी गीता की शादी डेढ़ साल पूर्व नगला धनी निवासी अवधेश से की थी। पिता का आरोप है कि ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज कमें पांच लाख रुपये मांग रहे थे। पति और ससुराली आए दिन मारपीट कर गीता को परेशान कर रहे थे। आरोप है कि दमाद के पिता और भाई ने गीता की असमत लूटने की कोशिश की, लेकिन पति अवधेश ने पांच लाख रुपये दहेज के नहीं लाने तक यही सब चलने की धमकी देकर मुंह बंद करा दिया। जयचंद का आरोप है कि मंगलवार सुबह बेटी गीता की गोली मारकर हत्या करने के बाद दमाद ने फोन पर शव उठा ले जाने की सूचना दी है। जब तक मायके वाले बेटी की ससुराल पहुंचे पति और उसके परिवारीजन फरार हो चुके थे। पिता ने पति अवधेश, देवर पवेंद्र और नरेंद्र, ससुर भारत सिंह, सास रामवती और ननद जूली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।