जिले में वर्ष 2016-17 में स्वीकृत कि गए लोहिया आवास आज भी अधूरे पड़े हैं। दूसरी किश्त नहीं मिल पाने के कारण लाभार्थी इन आवासों पर छत का निर्माण नहीं करा पा रहे हैं। जिले के 150 लाभार्थियों को दूसरी किश्त का बेसब्री से इंतजार है।
जैथरा विकास खंड के गांव कसैला में कई लाभार्थियों के लोहिया आवास बिना छत के खड़े हैं। लाभार्थी अपने टूटे मकान में ही दिन गुजारने को मजबूर हैं। गांव की मायादेवी ने मकान में दो कमरों के साथ सब कुछ तैयार कर लिया है, लेकिन छत नहीं बनने के कारण परिवार के साथ झोपड़ी में ही रहने को मजबूर हैं। माया देवी ने बताया कि अधिकारी बजट न होने की बात कह देते हैं। गांव कसैला के ग्राम प्रधान मनोज यादव कहते हैं कि लाभार्थियों को दूसरी किश्त का पैसा दिलाने के लिए कई बार अफसरों से कह चुके हैं, लेकिन वे बजट न होने की बात कह देते हैं। पीडी डीआरडीए आरके गौतम कहते हैं कि लोहिया आवास योजना के तहत दूसरी किश्त रुकी हुई है, बजट मिलते ही किश्त दे दी जाएगी।