अलीगंज रोड स्थित विकास भवन में निरीक्षण करते जिलाधिकारी अरविंद सिंह। संवाद
एटा। अलीगंज रोड स्थित विकास भवन पर बुधवार को डीएम अरविंद सिंह ने निरीक्षण करते हुए कई विभागों में पाई गई अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, कार्य संस्कृति, अभिलेख व्यवस्था व संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। वहीं निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित कर्मचारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने निर्देश दिया कि विकास भवन परिसर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र को आदेश दिया कि सभी विभागों के सहयोग से परिसर की नियमित साफ-सफाई, रंगाई-पुताई व रख-रखाव सुनिश्चित कराया जाए। डीएम ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, उपायुक्त मनरेगा कार्यालय, उपायुक्त एनआरएलएम कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, मत्स्य विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग व जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय समेत कई विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान एनआरएलएम विभाग की कर्मी सारिका पुंढीर अनुपस्थित पाई गईं जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह से बीज व कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस संबंधी तीन लंबित पत्रावलियां तत्काल प्रस्तुत करने को कहा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित सीएलएफ के माध्यम से बड़े व सार्थक कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। एडीओ आईएसबी, डीएमएम व बीएमएम की संयुक्त बैठक अति शीघ्र आयोजित किए जाने को कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी राजकुमार मौर्य को निर्देशित किया गया कि सफाई कर्मचारियों को एसीपी सहित सभी देय लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने विकास भवन परिसर व ट्रांजिट हॉस्टल के आसपास सघन पौधरोपण कराने का निर्देश दिया। पीडी सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, डीडी कृषि सुमित कुमार, उपायुक्त मनरेगा प्रभुदयाल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, मत्स्य निरीक्षक अनुज चौहान समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।