एटा जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया है। आगामी त्योहारों को देखते हुए रविवार को डीएम सुखलाल भारती की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई।
बैठक में डीएम और एसएसपी ने कहा कि जिले में संक्रमण प्रभावी है। इसको देखते हुए आगामी श्रावण मास, ईद-उल-जुहा, जन्माष्टमी आदि को मनाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है। कांवड़ यात्रा पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, मंदिर और मस्जिद में एक बार में सिर्फ पांच लोग ही प्रवेश कर सकेंगे।
'सामाजिक दूरी का पालन करें, मास्क पहनें'
डीएम और एसएसपी ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव हेतु सामाजिक दूरी का पालन करने के साथ ही सभी व्यक्ति मास्क का प्रयोग करें। बाजारों में सभी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।
बैठक में सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, एएसपी ओपी सिंह, एएसपी राहुल कुमार, एसडीएम अरूण कुमार, अबुल कलाम, पीएल मौर्य, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, जहीर अहमद, शराफत हुसैन काले सहित जिलेभर से आए संभ्रान्त नागरिक आदि मौजूद रहे।
डीएम सुखलाल भारती की अध्यक्षता में जिले के श्रमिकों को रोजगार के अवसरों के सृजन के संबंध में बैठक सोमवार को शाम चार बजे से कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी।