सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर मारहरा में लाभार्थी को समान देती मारहरा विधायक वीरेंद्र लोधी व डीएम ?
- फोटो : ETAH
एटा। उत्तर प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। डीएम डॉ. विभा चहल ने मारहरा ब्लॉक पर गोदभराई की रस्म अदा कर महिलाओं को घी, पंजीरी आदि सामान प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र स्तरीय विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार एवं जनपद की चार वर्ष की उपलब्धियों की लोगों को जानकारी दी।
मारहरा क्षेत्र के खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का डीएम डॉ. विभा चहल, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। डीएम द्वारा प्रांगण में लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण कर महिलाओं की गोदभराई कराई। इस दौरान उन्होंने नवजात शिशुओं को अन्नप्राशन्न भी कराया।
अलीगंज तहसील और सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकास खंड सकीट परिसर एवं जलेसर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत एमजीएम इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन विधायक सत्यपाल सिंह राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, सीडीओ अजयप्रकाश, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। कार्यक्रमस्थल पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का एलईडी के माध्यम से सजीव प्रसारण दिखा गया।