नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करत
एटा। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में जनता महाविद्यालय परसोंन में जिला स्तरीय नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न रचनात्मक माध्यमों से युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया और विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तर पर एटा का प्रतिनिधित्व करेंगे
मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कृत दयानंद श्रीवास्तव ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और सामाजिक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं, तो विकसित भारत-2047 का लक्ष्य शीघ्र साकार होगा। कार्यक्रम में उपस्थित मेरा युवा भारत के उपनिदेशक पुनीत गोयल ने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत–विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। चित्रकला में दिव्यांशी, भाषण में मंझली, कविता में अनुष्का, शॉर्ट रील में खुशी उपाध्याय, नारे लेखन में अंशिका, लोकगीत में दीक्षा तथा लोक नृत्य में अंजली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद एटा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निर्णायक मंडल में प्राचार्य नरेंद्र यादव, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. सतीश चंद्र, डॉ. महेंद्र पाल, डॉ. चंद्र पाल, डॉ. ममता रानी, डॉ. राकेश बाबू एवं अधिवक्ता रवि यादव शामिल रहे।