एटा। मंडलायुक्त अलीगढ़ संगीता सिंह ने बृहस्पतिवार को जिले में आकर मेडिकल काॅलेज से लेकर विकास परियोजनाओं की नब्ज टटोली। मेडिकल काॅलेज में निरीक्षण करने के साथ ही मरीजाें से उन्हें मिल रहीं सुविधाओं की जानकारी ली।
दवा वितरण कक्ष में जाकर दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति देखी। अल्ट्रासाउंड कक्ष, ब्लड कंपोनेंट स्टोरेज रूम, पोस्ट ओपी वार्ड, एसएनसीयू वार्ड, बाल रोग विभाग का जायजा लिया। मरीजों से वार्ता कर उनकी समस्याएं और सुझाव जाने। इसके बाद मंडलायुक्त ने 43वीं वाहिनी पीएसी में 10.86 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन 200 व्यक्तियों की क्षमता की बैरक का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में 5.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन श्रेणी बी के 16 आवासों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह, एसएसपी श्याम नारायण सिंह, सीडीओ डाॅ. नागेंद्र नारायण मिश्र, सीएमओ डाॅ. उमेश कुमार त्रिपाठी, एडीएम लालता प्रसाद, सत्य प्रकाश, एएसपी राजकुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।
ग्राम प्रधानोें के सहयोग से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य निपटाएं
कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का विशेष ध्यान रखें। फार्मर रजिस्ट्री कार्य की गति धीमी मिलने पर उन्होंने ग्राम प्रधानों का सहयोग लेने की सलाह दी। जनता से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान करने को कहा। महाशिवरात्रि पर्व पर कांवड़ यात्रियों का विशेष ध्यान रखते हुए कांवड़ियों के रूट पर पुलिस की कड़ी चौकसी रखने की हिदायत दी। एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता, एसडीएम जलेसर भावना विमल, एसडीएम अलीगंज विपिन कुमार, डिप्टी कलेक्टर विमल कुमार, डीडीओ प्रवीण कुमार राय, पीडी सुरेंद्र कुमार गुप्ता, डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत, बीएसए दिनेश कुमार, डीडी कृषि रोहताश कुमार, जिला कृषि अधिकारी मनवीर सिंह, एलडीएम प्रीतम सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।