एटा। ऑटो संचालकों और सत्संगियों के बीच मंगलवार की शाम किराया अधिक वसूलने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद सत्संगियों ने रोष जताया और शहर में ठंडी सड़क पर ही बैठकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस पहुंची और समझा बुझाकर किसी तरह से शांत किया।
हिट एंड रन के कानून को लेकर चालकों की ओर से हड़ताल का एलान किया गया है। इसका असर मंगलवार को देखने को मिला। मंगलवार को पटियाली जा रहे भोले बाबा के सत्संगियों की बस को शहर में ठंडी सड़क पर ऑटो चालकों ने रोक लिया और आगे जाने पर विरोध करते हुए बसों में बैठे सत्संगियों को बस से उतार लिया। जब सत्संग में जाने वाली सवारियों ने ऑटो चालकों से चलने के लिए कहा तो ऑटो चालकों ने मनमाने ढंग से 50 और 80 रुपये की जगह 100 रुपये से 200 रुपये की मांग की गई।
जिस पर सत्संगियों की ऑटो चालकों की बहस होने लगी। लोगों का कहना है कि बिना प्रशासन की मंजूरी के किराया बढ़ाकर सरेआम जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। मनमाने ढंग से ऑटो संचालक किराया नहीं वसूल सकते। सत्संगी सुनीता देवी ने बताया कि ऑटो चालकों ने बस को रोक सभी को उतार लिया था, बाद में अपने वाहन में बिठाकर छोड़ने की बात की गई, जब किराया पूछा गया तो तय किराए से तीन गुना अधिक मांगे गए। इसको लेकर विरोध जताया गया। जबकि सत्संगी कल्पना ने बताया कि चालकों की हड़ताल का गलत फायदा ऑटो चालक उठा रहे हैं और लोगों को परेशान किया जा रहा है।