बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर मासिक बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिक
एटा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कचहरी स्थित धरना स्थल पहुंचकर मासिक किसान पंचायत का आयोजन किया। खाद सहित अन्य समस्याओं को लेकर नायब तहसीलदार सुशील कुमार राजपूत को डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।
बैठक की अध्यक्षता मुन्नालाल व संचालन राजकुमार बघेल ने किया। जिलाध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में यूरिया की कमी से सहकारी समितियां पर किसानों को सुबह से ही कतारों में लगना पड़ रहा है।
कई किसान बिना खाद लिए ही लौट रहे हैं। 15 दिन बाद सरसों व आलू की बुवाई शुरू होने से किसानों को डीएपी खाद की जरूरत होगी। कालाबाजारी और आपूर्ति पूरी कराए जाने की मांग की।
संरक्षक राजेंद्र सिंह ने कहा कि अलीगंज तहसील के राजा का रामपुर स्थित सहकारी समिति काफी वर्षों से बंद पड़ी है। इसका संचालन कराया जाए जिससे किसानों को खाद मिल सके। साथ ही ग्राम पंचायत भदवास के ग्राम गढ़नपुर में श्मशान की भूमि को अतिक्रमण मुक्त और अंश निर्धारण में होने वाल खामियों को दूर कराने की भी मांग की।