एटा। जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाए जाने हैं। जल्द ही परीक्षा केंद्र की सूची जारी होने वाली है। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक ने 5 राजकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा है।
राजकीय विद्यालयों के साथ सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बनाया जाता है। इस बार जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि अधिक से अधिक राजकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया जाए। इसके लिए उन्होंने शासन को 5 राजकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कई साल से 25 राजकीय विद्यालय में से सिर्फ 15 को ही परीक्षा केंद्र बनाया जा रहा था। इस बार कोशिश की जा रही है अधिकतम राजकीय विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाए। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज अमृतपुर रघुपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज इसौली, राजकीय हाईस्कूल अढापुरा, राजकीय हाईस्कूल महानमई और राजकीय हाईस्कूल सहवाजपुर को परीक्षा केंद्र बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा है। केंद्रों की सूची आने के बाद स्पष्ट होगा कि कितने राजकीय विद्यालयों को शामिल किया गया है।