एटा। जनपद में 22 जुलाई को लगाए गए लगभग 24 लाख पौधों में से अधिकतर पौधे सूखते दिखाई दे रहे हैं। पौधे लगा तो दिए लेकिन अब उनमें समय से पानी नहीं लगाया जा रहा। जिसकी वजह से अधिकतर पौधे मुरझा रहे हैं।
जिले में चाहे किसी नगर निकाय द्वारा पौधरोपण किया गया हो अथवा ग्राम पंचायत द्वारा, पौधे रोपने वाले तो चले गए मगर पानी लगाने की सुध लेने वाला कोई नहीं दिखता। गांव नगला बंदी में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, सांसद राजवीर सिंह, विधायकों तथा अन्य लोगों ने 22 जुलाई को वृहद स्तर पर पौधरोपण किया था। साथ ही जिले के अलग-अलग स्थानों पर अधिकारियों व निजी संस्थानों द्वारा पौधरोपण किया गया। जिसके बाद लग रहा था कि जिले में हरियाली बढ़ेगी और प्रदूषण कम होगा। पौधरोपण तो हो गया लेकिन पानी लगाने का ध्यान किसी को नहीं है। जिसकी वजह से पौधे सूखकर मुरझा रहे हैं।
शहीद पार्क के पास लगे बड़े पौधे सूख रहे
शहर के रेलवे पुल के ऊपर 22 जुलाई को पौधरोपण किया गया था। जिसके बाद लोगों को लग रहा था कि वहां हरियाली बढ़ेगी। लेकिन देखभाल के अभाव में पानी नहीं लगने की वजह से यहां लगाए गए बड़े पौधे सूख रहे हैं।
हाईवे पर लगे पौधे भी तोड़ रहे दम
जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर भी पौधरोपण किया गया था। लेकिन पौधरोपण के साथ ही दूसरी ओर से पौधे सूखते जा रहे हैं। हाईवे के आसपास हरियाली नहीं हो पा रही है। साथ ही पौधरोपण के नाम पर धन की बर्बादी भी हो रही है।
पानी की कोई कमी नहीं हो सकती है, किसी अन्य वजह से पौधे सूख रहे होंगे। वास्तविक स्थिति को दिखवाकर दोबारा से पौधे लगवा दिए जाएंगे। - सुंदरेश, डीएफओ
पौधरोपण का कार्य अभी चल रहा है। अगर कहीं भी पौधे सूख रहे हैं तो वहां फिर से पौधे लगवाए जाएंगे। साथ ही इनकी देखरेख कराई जाएगी। - पीके कौशिक, पीडी एनएचएआई अलीगढ़ क्षेत्र