देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार को शहनाइयों की गूंज रहेगी। सैकड़ों जोड़े जहां एक-दूसरे के हमसफर बनेंगे। वहीं चार माह से योग निद्रा में लीन देव भी जाग जाएंगे। इसे लेकर गुरुवार को बाजार में चहल-पहल रही।
वैसे तो 500 और 1000 रुपये अचानक बंद किए जाने से बाजार का हाल खराब है। पर, शादियां शुरू होने को लेकर कारोबारी उत्साहित हैं। गुरुवार को भी बाजार में भीड़ नजर आई, लेकिन लोगों का उत्साह कम था। देवों के जागने के बाद से शुक्रवार को जिले में सैकड़ों शादियां होगीं। इसे लेकर तैयारियां चल रही हैं। आलम यह है कि मैरिज होम में दो-दो बुकिंग हैं। इसके साथ बैंड वालों की भी कई शिफ्टों में बुकिंग है। हलवाई भी टोलियां बनाकर जगह-जगह काम संभाल रहे हैं। उधर, शादी समारोह में खूबसूरत दिखने की चाहत में कॉस्मेटिक बाजार में भी मेला है। ब्यूटी पार्लर की बुकिंग हाउसफुल है। शुक्रवार को सहालग और बारातों का जोर रहने से हाईवे पर व्यवस्था चरमराने की उम्मीद है। भीड़ उमड़ने से हाईवे पर जाम के हालात बनेंगे। यातायात प्रभारी ब्रह्म प्रकाश यादव ने बताया कि हाईवे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती है। जाम से निपटने के प्रयास किए जाएंगे।
तुलसी शालिग्राम विवाह होगा
देवोत्थान एकादशी पर देव जागने के बाद तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन होगा। इसके लिए गुरुवार को दिनभर घरों में तैयारियां चलती रहीं।
खूब बिके गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद
देवोत्थान एकादशी पर पूजन के लिए गुरुवार को किसानों ने अपने खेतों से गन्ना, शकरकंद, सिंघाड़ा आदि के फड़ सजा लिए। सिंघाड़ा 20 से 25 रुपये, शकरकंद 25 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिका। गन्ना भी 10 रुपये प्रति गन्ने के हिसाब से बेचा गया।