कस्बा अवागढ़ में एटा-अलीगंज मार्ग पर कोहरे की वजह से टिमटिमाती नजर आतीं वाहनों की लाइटें। संवाद
एटा। सर्दी के मौसम में पहले घने कोहरे ने शनिवार की सुबह दस्तक दी। करीब 8 बजे तक कोहरा छाया रहा। इस बीच वाहनों के संचालन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तापमान स्थिर रहने से अभी ठंड में इजाफा नहीं हुआ है।
शनिवार सुबह लोग सोकर उठे तो सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक अंधेरा महसूस हुआ। बाहर निकलकर देखा तो घने कोहरे की चादर हर ओर छाई हुई थी। कोहरे की वजह से दृश्यता में कमी आई। इसका सीधा असर यातायात संचालन पर पड़ा। सुबह के समय यात्रा पर निकले लोगों को वाहन चलाने में दिक्कत हुई। हाईवे व अन्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। सुबह करीब 8 बजे सूर्य ने दर्शन दिए और धूप खिलने के साथ ही कोहरा छंटना शुरू हो गया। इसके साथ ही मौसम सामान्य हो गया। दिन का अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कस्बा अवागढ़ में एटा-अलीगंज मार्ग पर कोहरे की वजह से टिमटिमाती नजर आतीं वाहनों की लाइटें। संवाद