एटा। कचहरी पर अधिवक्ता से दबंगों ने रंगदारी मांगी। इन्कार करने पर कार्यालय में घुसकर पिटाई कर दी। अधिवक्ता ने रंगदारी मांगने और पिटाई करने की रिपोर्ट दो के खिलाफ कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।अधिवक्ता जितेंद्र कुमार वार्ष्णेय का आरोप है कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे रजनीश कुमार निवासी घिलौआ और इसका साला आलोक कुमार निवासी श्यामनगर कचहरी पर पीली बिल्डिंग में स्थित कार्यालय में घुस आए। यहां पर 3 हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांगी गई। इन्कार करने पर दोनों ने गालीगलौज कर मारपीट की। धमकी दी कि तुझे कमिश्नर पूल चलाना है तो 3 हजार रुपये हर माह देने होंगे। अधिवक्ता ने बताया कि वह अदालत में शपथ पत्र तस्दीक कराने का काम करता है। कमिश्नर पूल में करीब 250 अधिवक्ता सदस्य हैं। इनको मिलने वाली फीस एकत्रित कर वितरित करता है। कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अधिवक्ता द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।