एटा। प्रदेश के 331 अनुदानित महाविद्यालयों में लंबे समय से कार्यरत संविदा प्राध्यापकों के विनियमितीकरण और न्यूनतम वेतनमान की मांग को लेकर शिक्षकों में नाराजगी है। अनुदानित महाविद्यालय स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुणेश अवस्थी के आह्वान पर प्रदेशभर के शिक्षक सरकार की ओर से दिए गए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड वापस कर रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से संबद्ध एटा के अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों ने संगठन जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही कैशलेस चिकित्सा कार्ड वापस करने का पत्र भी दिया। इस दौरान डॉ. सतीश चंद्र, डॉ. महेंद्र पाल, डॉ. मनीष कुमार शर्मा और डॉ. संजीव मिश्रा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।