जैथरा। गांव चंदनपुरा में विवाहिता आरती (20) की बुधवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। जानकारी पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के िपिता ने दामाद सहित पांच ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला फर्रुखाबाद के थाना कंपिल के गांव करनपुर निवासी महेश चंद्र ने बेटी आरती की शादी विगत 22 मार्च 2014 को अनुराग पुत्र सूरजपाल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुरालीजन दहेज में तीन लाख रुपये की मांग करने लगे। पैसे न देने पर ससुरालीजन आरती के साथ मारपीट करने लगे।
मंगलवार रात बेटी ने फोन पर उत्पीड़न की जानकारी दी। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे मायके पक्ष के लोग गांव चंदनपुर पहुंचे। यहां आरती मृत हालत में मिली, जबकि ससुरालीजन फरार थे। घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले में मृतका के पिता महेश चंद्र ने अनुराग, सुरेंद्र, लल्लू, फूलवती, सूरजपाल, जिठानी के विरुद्ध दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष जैथरा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।