एटा। थाना नयागांव क्षेत्र में एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजन इसको सीएचसी पर लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। भाई ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या करने का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन व ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद अलीगंज-सराय अगहत मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।थाना क्षेत्र के गांव उभई असद नगर निवासी अनेश कुमार (25) की रविवार की देर शाम मौत हुई। भाई अंकित कुमार का कहना है कि भाई गांव के ही एक व्यक्ति के साथ शटरिंग डालने का काम करता था। जिसकी मजदूरी के करीब 10 हजार रुपये शेष थे। इसको कई बार मांगने के बाद भी मजदूरी नहीं दी गई। इसके बाद भाई ने काम पर जाना छोड़ दिया और अपना बाल काटने का पैतृक काम शुरू कर दिया।
आरोप है कि ठेकेदार कई दिन से काम पर बुलाकर ले जाने की जिद कर रहा था। पत्नी कल्पना का कहना है कि रविवार की सुबह करीब 11 गांव का ही एक व्यक्ति दिल्ली ले जाने की बात कहकर घर से बुलाकर ले गया था, लेकिन शाम करीब 6:30 बजे वह बिथरा ईंट-भट्ठा के पास बेहोशी की हालत में पड़े मिले। इसके बाद सीएचसी अलीगंज लेकर गए, वहां मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि भाई को शराब में जहर देकर हत्या की गई है।
पुलिस ने ठेकेदार के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराकर दोपहर करीब 3 बजे गांव पहुंचे। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत का आरोप लगाने लगे। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार नहीं किया और बिथरा ईंट-भट्ठा के पास सड़क पर ही शव को रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने आरोपों के आधार पर ही मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया तो जाम खोला गया।
शव को सड़क पर रख कर जाम लगाने का प्रयास किया गया था, जाम नहीं लगा है। परिजन को समझा-बुझाकर शांत किया गया और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया है। अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आई है। उसके आधार पर धाराओं में बदलाव किया जाएगा। - सुधांशु शेखर, सीओ