एटा। बुधवार की रात प्रेम विवाह करने वाली एक महिला सहित दो की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। दोनों के मायके वाले हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर मायके वालों को सौंप दिया है।
थाना मिरहची क्षेत्र के गांव यादगारपुर गनेशपुर निवासी पप्पू पुत्र महेशचंद्र के साथ प्रेम विवाह करने वाली प्रियंका (26) पुत्री माया प्रकाश निवासी नगला श्याम, थाना मिरहची का शव बुधवार की रात कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। महिला के पिता ने बताया कि शादी के बाद बेटी के तीन पुत्रियां हुई। इसके चलते ससुर महेश, देवर इतवारी लाल, चचेरे जेठ ज्ञान प्रकाश पुत्र दलवीर सिंह व सास बेटी को परेशान कर मारपीट करने लगे थे। परेशान होकर बेटी ने गांव के बाहर मकान बनवा लिया था। आरोप है कि बुधवार को बेटी की हत्या कर शव कमरे में लटका दिया और मकान खुला छोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक सीताराम सरोज ने बताया है कि पप्पू मध्य प्रदेश में मजदूरी करता है, महिला से करीब छह माह पूर्व से अनबन चल रही थी। महिला बच्चों के साथ कासगंज में कमरा किराए पर लेकर रह रही थी। कुछ दिनों पहले ही गांव आई थी और आत्महत्या कर ली है। अभी तक किसी भी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला अबंतीवाई नगर भगीपुर निवासी लक्ष्मी (28) पत्नी अभिषेक बुधवार की रात फांसी कि फंदे पर लटकी मिलीं। मायके वालों को खबर दी गई। भतीजे अर्पित का आरोप है कि हत्या करने के बाद फांसी के फंदे पर शव लटकाया गया है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया है कि कंट्रोल रूम पर किसी ने इसकी सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। अभी तक किसी भी तरह की कार्रवाई करने के लिए तहरीर नहीं दी गई है।